दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में हैवान बना पिता, 10 महीने की बच्ची को जिंदा ही सेप्टिक टैंक में फेंका; दर्दनाक मौत

नई दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में दूसरी बेटी होने से नाराज पिता दीपक ने अपनी 10 महीने की बच्ची की हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपहरण की झूठी कहानी रची और खुद शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज में सच सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

  • गुमराह करने के लिए खुद दर्ज कराई थी अपहरण की शिकायत
  • पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर कई टीमों को जांच में लगाया।
  • सीसीटीवी फुटेज में बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखा आरोपी पिता

नई दिल्ली। भलस्वा डेयरी इलाके में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दूसरी बेटी होने से नाराज एक पिता ने अपनी 10 महीने की बच्ची की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बच्ची के अपहरण की झूठी कहानी रची और खुद ही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। लेकिन सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच में उसकी साजिश बेनकाब हो गई। आरोपी पिता की पहचान दीपक के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची अपने माता-पिता और 5 साल की बड़ी बहन के साथ भलस्वा डेयरी इलाके में रहती थी।
रविवार सुबह आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि वह करीब 5 बजे दूध लेने घर से बाहर गया था। इस दौरान उसकी पत्नी बीमार बड़ी बेटी को सुला रही थी और उनकी आंख लग गई। छोटी बच्ची बोतल से दूध पी रही थी। कुछ देर बाद जब वह घर लौटा तो बच्ची गायब मिली। परिवार ने तलाश की तो बच्ची की दूध की बोतल गली में पड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर कई टीमों को जांच में लगाया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और लोकल लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान एक अहम फुटेज सामने आई। इसमें बच्ची का पिता उसे अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया।
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी दूसरी बेटी होने से नाराज था और इसी वजह से उसने बच्ची की हत्या कर दी। आरोपी बताया कि उसने बच्ची को जिंदा ही सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस देर रात आरोपी की निशानदेहीं पर बच्ची के शव की तलाश में जुटी रही। मामले में बच्ची की मां की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button