अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस जेडी वेंस की पत्नी ऊषा बयान से विवाद, पाकिस्तान प्रेम और निजी टिप्पणियों पर घिरे

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान के प्रति अपने प्रेम और पत्नी ऊषा वेंस की तुलना पाकिस्तानी जनरल से करने को लेकर विवादों में घिर गए हैं। ऊषा वेंस ने स्पष्ट किया है कि उन्हें धर्म परिवर्तन की आवश्यकता नहीं है और वह अपने हिंदू धर्म से खुश हैं।

वॉशिंगटन/एजेंसी। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इन दिनों अपने बयानों और निजी टिप्पणियों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में स्विट्जरलैंड यात्रा के दौरान दिए गए उनके एक बयान ने ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ समर्थकों के बीच असंतोष पैदा कर दिया है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की मौजूदगी में वेंस ने मजाकिया लहजे में कहा कि उनकी जिंदगी में दो बेहद अहम लोग हैं—एक भारतीय (उनकी पत्नी) और एक पाकिस्तानी (फील्ड मार्शल मुनीर)। उन्होंने यह भी कहा, “मुझे पाकिस्तान से प्यार है,” जिस पर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
रिपब्लिकन सीनेटर रिक स्कॉट ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पाकिस्तान का आतंकवादियों को पनाह देने का लंबा इतिहास रहा है और वह क्षेत्रीय शांति के बजाय अन्य गतिविधियों में अधिक रुचि रखता है। वहीं, मोंटाना के सीनेटर टिम शीही ने भी पाकिस्तान पर ओसामा बिन लादेन को शरण देने और अन्य विवादित गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप दोहराए।
इस विवाद से पहले वेंस अपनी पत्नी ऊषा वेंस के साथ एक संयुक्त इंटरव्यू को लेकर भी सुर्खियों में थे। सीबीएस न्यूज को दिए इंटरव्यू में ऊषा वेंस ने स्पष्ट किया कि उन्हें धर्म परिवर्तन की आवश्यकता महसूस नहीं होती और वे अपनी हिंदू परवरिश से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि उनका बचपन स्थिर रहा और उन्हें अपने धर्म में कोई कमी महसूस नहीं हुई।
ऊषा के इस बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। समर्थकों ने इसे व्यक्तिगत अनुभवों पर आधारित संतुलित विचार बताया, जबकि आलोचकों ने इसे वेंस के निजी जीवन पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी के रूप में देखा।
वेंस पहले भी अपने निजी जीवन से जुड़े बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। एक पुस्तक में उन्होंने अपनी पत्नी से पहले के रिश्तों का उल्लेख किया था। इसके अलावा, मार्च में उन्होंने अपनी पत्नी की गर्भावस्था को लेकर भी सार्वजनिक मंच से टिप्पणी की थी, जिस पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आई थीं।
धर्म के मुद्दे पर वेंस ने कई बार कैथोलिक आस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है और उम्मीद व्यक्त की है कि उनका परिवार भी इसे अपनाएगा, जबकि ऊषा वेंस अपनी हिंदू पहचान के साथ मजबूती से जुड़ी हुई हैं। इन घटनाक्रमों के बीच वेंस के बयानों और निजी जीवन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button