गाजियाबाद के लोनी में सैलून संचालक की चाकू मार कर हत्या, हमलावर फरार; इलाके में मच गया हड़कंप

गाजियाबाद के लोनी में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक तस्लीम की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद/उत्तर प्रदेश। लोनी थाना क्षेत्र स्थित मलिक सिटी कॉलोनी में बुधवार रात पुरानी रंजिश को लेकर आरोपितों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर युवक की हत्या कर दी। स्वजन ने चार आरोपितों के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज कार्रवाई शुरू कर दी है।
सैलून का काम करने वाला तस्लीम (21) आशियाना सिटी में अपने माता पिता के साथ रहता था। पिता असगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे को कुछ लोग बुधवार रात लगभग साढ़े नौ बजे बहाने से बुलाकर मलिक सिटी मजार के पास ले गए। आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया।
सूचना मिली कि तस्लीम घायल अवस्था में मलिक सिटी मजार के पास पड़ा है। मौके पर जाकर देखा तो बेटे के शरीर पर सात स्थानों पर चाकू के निशान थे। घायल अवस्था में उसे 50 शैय्या संयुक्त अस्पताल ले कर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
स्वजन ने चार आरोपितों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज पीड़ित से शिकायत लेकर मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया हत्या की वजह पुरानी रंजिश माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि 2025 में मृतक के भाई की हत्या कर दी थी।

Related Articles

Back to top button