विश्व पर्यावरण दिवस पर झिलमिल में भव्य वृक्षारोपण, हरित भारत का लिया संकल्प

पूर्वी दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झिलमिल फ्रेंड्स कॉलोनी सीईटीपी सोसाइटी, बी-ब्लॉक झिलमिल में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. अनिल गुप्ता ने किया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योगपतियों, उद्यमियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, शाहदरा के विधायक संजय गोयल, झिलमिल वार्ड के पार्षद पंकज लूथरा, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के एसएसई एम.एस. रावत, सोसाइटी के प्रधान राकेश बंसल, महामंत्री नरेंद्र छाबड़ा, कोषाध्यक्ष विनीत जैन सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर नीम, पीपल, बड़ (बरगद) और जामुन जैसे पर्यावरण के लिए अत्यंत उपयोगी एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता बन गया है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों से इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक उद्यमी को अपने औद्योगिक परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से वृक्षारोपण करना चाहिए।
दीपक गाबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं और इसे जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। वहीं विधायक संजय गोयल ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
पार्षद पंकज लूथरा ने स्वच्छ एवं हरित वातावरण को आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर बताया, जबकि एम.एस. रावत ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत प्रभावी उपाय है और औद्योगिक क्षेत्रों को इसमें विशेष योगदान देना चाहिए। राकेश बंसल, नरेंद्र छाबड़ा और विनीत जैन ने भी उद्यमियों से अपने-अपने परिसरों में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी उद्यमियों एवं नागरिकों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन अभियान बनाने का संकल्प लिया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न इस कार्यक्रम के अंत में सीईटीपी सोसाइटी की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया।

Related Articles

Back to top button