जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एनडीटीवी की पूर्व पत्रकार निधि राजदान से की शादी

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नई दिल्ली में शुक्रवार को पत्रकार निधि राजदान से शादी की है। निधि राजदान देश की जानी पहचानी पत्रकार हैं।

श्रीनगर,एजेंसी। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान विवाह के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा कर अपने विवाह की जानकारी दी। उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान को टैग करते हुए लिखा, “कल एक नई यात्रा की शुरुआत हुई।” वहीं, निधि राजदान ने अंगूठी की इमोजी के साथ अपने खास अंदाज में लिखा, “इट्स डन ब्रो।”
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों का विवाह 30 अक्टूबर को नई दिल्ली में विशेष विवाह अधिनियम के तहत संपन्न हुआ। समारोह में दोनों परिवारों के करीबी सदस्य शामिल हुए। श्रीनगर और दिल्ली में भी निजी पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विवाह की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया।
उमर अब्दुल्ला के लिए यह दूसरा विवाह है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 1994 में पायल अब्दुल्ला से शादी की थी। दोनों के दो बेटे जाहिर और जमीर हैं। लंबे समय से अलग रह रहे उमर और पायल के विवाह को सुप्रीम कोर्ट ने 31 जुलाई 2026 को आपसी सहमति और समझौते के आधार पर समाप्त कर दिया था। अदालत में बताया गया था कि दोनों वर्ष 2011 से अलग रह रहे थे।
निधि राजदान भी भारतीय पत्रकारिता का जाना-पहचाना नाम हैं। वह लंबे समय तक एनडीटीवी से जुड़ी रहीं और राष्ट्रीय राजनीति तथा समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग और समाचार प्रस्तुति के लिए पहचान बनाई। वर्ष 2020 में उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय में शिक्षण कार्य का प्रस्ताव मिलने की जानकारी देते हुए एनडीटीवी से इस्तीफा दिया था। बाद में उन्होंने खुलासा किया था कि हार्वर्ड के नाम पर उन्हें साइबर धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया था।
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान के विवाह की घोषणा ने राजनीतिक और मीडिया जगत में चर्चा बटोरी है। दोनों ने अपनी निजी जिंदगी के इस नए अध्याय की जानकारी खुद सोशल मीडिया के जरिए साझा की है।

Related Articles

Back to top button