दिल्ली में जन कल्याण शिविरों का आयोजन शुरू, सीएम रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ, 42 स्थानों पर मिलेंगी 21 योजनाओं की सुविधाएं
दिल्ली में 18 से 20 जून तक 42 जनकल्याण शिविर लगाए गए हैं, जहां नागरिक 21 सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। इन शिविरों में बस आधार कार्ड और मोबाइल लेकर जाना है।

नई दिल्ली। केंद्र और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजधानी में जन कल्याण शिविरों का आयोजन शुरू हो गया है। इसी क्रम में संदेश विहार स्थित एमसीडी कम्युनिटी हॉल में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिविर का शुभारंभ किया। यह विशेष अभियान 18 से 20 जून तक दिल्ली के 42 विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी, पंजीकरण और आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद दिल्ली की डिप्टी मेयर मोनिका पंत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत लगाए गए इन शिविरों में 21 प्रमुख योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों को दिया जा रहा है। इनमें आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन, लखपति दीदी योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, एमसीडी हाउस टैक्स सेवाएं, दिल्ली जल बोर्ड की सुविधाएं, बीएसईएस की सोलर ऊर्जा योजना तथा एचआईवी जागरूकता अभियान सहित कई अन्य सेवाएं शामिल हैं।
आयोजकों ने सभी दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी जन कल्याण शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। उनका कहना है कि यह पहल सरकारी सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




