कुंभ 2027 के लिये पग्रेड होगा बिजली नेटवर्क, 31.54 करोड़ रुपये से जगमगाएगा का हरिद्वार
उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 के लिए बिजली नेटवर्क को मजबूत करने की 31.54 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।

देहरादून/एजेंसी। हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दौरान बिजली की बढ़ने वाली भारी मांग को देखते हुए उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (यूइआरसी) ने ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने की परियोजना को मंजूरी दे दी है।
आयोग ने 132 केवी ज्वालापुर-रुड़की और 132 केवी सिडकुल-ज्वालापुर (सर्किट-1) लाइन में पुराने कंडक्टरों को हाई टेम्परेचर लो सैग कंडक्टर से बदलने के लिए 31.54 करोड़ रुपये की निवेश स्वीकृति प्रदान की है।
पीटीसीयूएल ने आयोग के समक्ष कहा कि कुंभ 2027 के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने की संभावना है। इससे बिजली की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही सिडकुल, बहादराबाद, आईपी-4 औद्योगिक क्षेत्र व तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार के कारण भी क्षेत्र में विद्युत भार लगातार बढ़ रहा है।
वर्तमान में उपयोग में आ रही पांच दशक पुरानी ट्रांसमिशन लाइन भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं रहेंगी, 132 केवी सिडकुल-ज्वालापुर व ज्वालापुर-रुड़की लाइनें पहले ही अपनी क्षमता के 90 प्रतिशत से अधिक भार पर संचालित हो रही हैं।
अगले कुछ वर्षों में इन पर लोड निर्धारित सीमा से ऊपर पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में एचटीएलएस कंडक्टर लगाने से इन लाइनों की बिजली वहन क्षमता ढाई गुना तक बढ़ सकेगी और कुंभ के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।




