पहचान बदलकर स्पा में काम कर रही फरार घोषित महिला आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस की एंटी-प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स सेल ने लंबे समय से फरार चल रही एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसे कोर्ट द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ वर्ष 2020 में द्वारका साउथ थाने में आईपीसी की धाराओं 188 व 269, आईटीपी एक्ट की धारा 3/4 तथा महामारी रोग अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि उक्त महिला को 12 मार्च 2026 को द्वारका कोर्ट के माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था, जिसके बाद से वह लगातार गिरफ्तारी से बच रही थी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए द्वारका जिला पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा था, जिसके तहत एक टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए 23 मई 2026 को सूचना प्राप्त की कि आरोपी महिला ने अपनी पहचान बदल ली है और द्वारका सेक्टर-5 स्थित एक स्पा में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया और आरोपी महिला को काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपी महिला को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान डाबड़ी एक्सटेंशन निवासी महिला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में किसी अन्य आपराधिक मामले का रिकॉर्ड नहीं मिला है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




