महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने तीन झपटमार दबोचे, लूटा गया सोने का लॉकेट बरामद

नई दिल्ली। महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र के पीपी बधोला पुलिस स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर झपटमारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक सोने का लॉकेट भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गब्बास गुप्ता (30), प्रेम कुमार (22) और महबूब (27), निवासी जहांगीरपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली थी कि तीन अज्ञात व्यक्तियों ने एक व्यक्ति को ब्लेड दिखाकर उससे सोने का लॉकेट लूट लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई सचिन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी महबूब के पास से लूटा गया सोने का लॉकेट बरामद हुआ। पूछताछ में तीनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महबूब और गब्बास गुप्ता पहले भी चोरी और झपटमारी के तीन मामलों में शामिल रहे हैं, जबकि प्रेम कुमार पहली बार इस तरह के अपराध में पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आसान और जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों में शामिल होने की जांच कर रही है। महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित वारदातों का भी पता लगाया जा रहा है।





