पीएम मोदी बने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री, ट्रंप समेत वैश्विक नेताओं ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित पीएम के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के मौके पर बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी बधाई दी।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा कर स्वतंत्र भारत के इतिहास में नया रिकॉर्ड बनाया। इस अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने उन्हें अपना मित्र बताते हुए “महान प्रधानमंत्री” कहा और बधाई दी।
कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों ने खड़े होकर तालियों से स्वागत किया, वहीं शाम को भारत मंडपम में राजग के घटक दलों और मुख्यमंत्रियों ने मोदी सरकार के 12 वर्षों को परिवर्तनकारी बताया। सहयोगी दलों ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारतीय राजनीति ने स्थिरता, निर्णायकता और प्रदर्शन आधारित शासन की नई संस्कृति विकसित की है।
देशभर में भाजपा नेताओं द्वारा पूजा-अर्चना और प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। वाराणसी में विशेष कार्यक्रम हुए तो गुजरात में मंदिरों में महाआरती की गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पत्र लिखकर कहा कि मोदी सरकार के प्रयास जन केंद्रित और लोगों द्वारा संचालित शासन की भावना को दर्शाते हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इसे लोकतंत्र की मजबूती और जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी ने 62 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा और ‘पालिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’ को राष्ट्रीय विमर्श का केंद्र बनाया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और अन्य नेताओं ने भी बधाई दी। वैश्विक स्तर पर इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यांग, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम, भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पीएम स्कॉट मारिसन ने मोदी को बधाई दी।
मोदी ने 1952 के आम चुनावों के बाद नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पार कर 4,399 दिन की निरंतर सेवा पूरी की। यह उपलब्धि भारतीय लोकतंत्र की गौरवशाली यात्रा में ऐतिहासिक अध्याय के रूप में दर्ज हुई है।




